सिद्धार्थनगर। सोशल मीडिया पर ईंधन (पेट्रोल, डीजल और एलपीजी) की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों पर लगाम लगाने के लिए जिला प्रशासन सख्त हो गया है। जिला पूर्ति अधिकारी (DSO) देवेंद्र प्रताप सिंह ने एक आधिकारिक आदेश जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि जिले में ईंधन की कोई कमी नहीं है और जनता को घबराने की जरूरत नहीं है।
ड्रम और टैंकरों में तेल भरने पर पाबंदी
प्रशासन के संज्ञान में आया है कि अफवाहों के चलते पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ उमड़ रही है। कुछ लोग भविष्य के लिए डीजल-पेट्रोल को ड्रमों और बड़े टैंकरों में भरकर स्टोर कर रहे हैं। इसे देखते हुए जिला पूर्ति अधिकारी ने सभी पेट्रोल पंप संचालकों को सख्त निर्देश दिए हैं कि:
- किसी भी उपभोक्ता को बिना ठोस कारण के ड्रम या टैंकर में तेल न दिया जाए।
- केवल वाहनों की टंकी में ही ईंधन भरा जाए।
- नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
LPG गैस को लेकर भी निर्देश जारी
ईंधन के साथ-साथ एलपीजी सिलेंडर की किल्लत की खबरें भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही थीं। इस संबंध में गैस एजेंसियों को निर्देशित किया गया है कि वे 'बैकलॉग' (पुरानी बुकिंग) को प्राथमिकता दें। जिन उपभोक्ताओं ने नियमानुसार बुकिंग कराई है, उन्हें ही सिलेंडर की आपूर्ति की जाए ताकि वितरण व्यवस्था पारदर्शी बनी रहे।
अफवाहों से बचें जनता
जिला पूर्ति अधिकारी ने आम जनमानस से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर चल रही भ्रामक खबरों पर ध्यान न दें। प्रशासन ने क्षेत्रीय खाद्य अधिकारियों और पूर्ति निरीक्षकों को अपने-अपने क्षेत्रों में पैनी नजर रखने के निर्देश दिए हैं ताकि कहीं भी कालाबाजारी या अनावश्यक अफरा-तफरी का माहौल न बने।
"ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता है। लोग अनावश्यक भंडारण न करें और अफवाहों पर यकीन न करें।"
— देवेन्द्र प्रताप सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी, सिद्धार्थनगर

0 टिप्पणियाँ